दारा सिंह के साथ अभिनय की कई यादें : मुमताज
लंदन: पहलवान व अभिनेता दारा सिंह के साथ 16 हिन्दी फिल्में करने वालीं गुजरे जमाने की अभिनेत्री मुमताज का कहना है कि उनकी दारा सिंह के साथ कई यादें जुड़ी हुई हैं.
दारा सिंह का कल मुंबई में लंबी बीमारी के बाद अपने आवास पर निधन हो गया था. मुमताज ने कहा कि वह सह अभिनेता के गुजर जाने से दुखी हैं. इस अभिनेत्री और उनके पति उद्योगपति मयूर माधवानी ने कल मुंबई में दारा सिंह की पत्नी से बात की.
मुमताज ने कहा, ‘‘जब कोई करीबी गुजरता है तो कोई कैसा महसूस कर सकता है. मेरी दारा सिंह के साथ काम करने की कई यादें जुड़ी हैं लेकिन यह काफी समय पुरानी बात है. हम जानते थे कि वे स्वस्थ नहीं हैं लेकिन कोई क्या कर सकता है, जिंदगी हमारे हाथों में नहीं है.’’ मुमताज ने सिंह के साथ फौलाद, वीर भीमसेन, हरकुलिस, आंधी और तूफान, टारजन कम्स टू डेल्ही, टारजन और किंग कोंग, सिकंदर ए आजम और रुस्तम ए हिंद जैसी फिल्मों में काम किया.
मुमताज ने कहा कि 2011 और 2012 अच्छे वर्ष नहीं रहे क्योंकि देवानंद जैसे कई प्रमुख कलाकार इस दौरान गुजर गये. राजेश खन्ना के संदर्भ में उन्होंने कहा कि काका भी स्वस्थ नहीं थे लेकिन अब वह ठीक हो रहे हैं. मुमताज अपने परिवार के साथ लंदन में रहती हैं लेकिन वह मुंबई में फिल्म उद्योग के अपने साथियों से संपर्क बनाए रखती हैं.
No comments:
Post a Comment