इस्लामाबाद: पाकिस्तान ने अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘एक था टाइगर’ के प्रोमो और समीक्षा दिखाने से अपने केबिल आपरेटरों को रोकते हुए कहा है कि बालीवुड की यह फिल्म उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई की छवि को खराब कर रही है.
पिछले सप्ताह पाकिस्तान इलेक्ट्रानिक मीडिया नियमन प्राधिकरण द्वारा सभी उपग्रह टीवी चैनलों और केबिल नेटवर्कों को जारी पत्र में कहा गया कि 15 अगस्त को रिलीज हो रही फिल्म ‘एक था टाइगर’ कथित रुप से आईएसआई और रॉ की गतिविधियों पर आधारित है.
पत्र में कहा गया कि इसके अलावा, इस फिल्म की कहानी आईएसआई के इर्दगिर्द घूमती है जिसका उददेश्य इस एजेंसी की छवि को नुकसान पहुंचाना है.
प्राधिकरण ने सभी चैनलों और केबिल नेटवर्कों को निर्देश दिये हैं कि केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी किये जाने तक इस फिल्म के प्रोमो, समीक्षा से बचा जाए.
फिल्म में सलमान रॉ (रिसर्च एंड एनलासिस विंग) के एजेंट की भूमिका में हैं जिन्हें कालेज के एक प्रोफेसर पर नजर रखने के लिए पाकिस्तान भेजा जाता है. इस प्रोफेसर के पाकिस्तान को गुप्त मिसाइल तकनीक बेचने का संदेह है.
कबीर खान द्वारा निर्देशित फिल्म में कैटरीना कैफ ने भी अभिनय किया है. मार्च में पाकिस्तान में ‘एजेंट विनोद’ को इस आधार पर प्रतिबंधित किया गया था कि यह आईएसआई को गलत तरीके से पेश कर रही है.
इस फिल्म में सैफ अली खान ने अभिनय किया था जिसके एक रिश्तेदार मेजर जनरल इस्फांदयार अली खान पटौदी आईएसआई में वरिष्ठ अधिकारी हैं. पाकिस्तान में सलमान खान की फिल्में काफी पसंद की जाती हैं और उनके पिछली फिल्में ‘वांटेड’, ‘दबंग’ और ‘बाडीगार्ड’ पाकिस्तान में काफी सफल रही थीं.
No comments:
Post a Comment